BREAKING NEWS

दादरी के युवक की झज्जर में हत्या, पार्क में मिला शव

दादरी के युवक की झज्जर में हत्या, पार्क में मिला शव
झज्जर। जिला के बादली थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर में एक युवक की बीती रात तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक का शव गांव के पार्क में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर तेज धार हथियार के बहुत गहरे घाव मिले हैं। जिससे स्पष्ट अनुमान लगाया गया है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई। मृतक की पहचान चरखी दादरी जिला के गांव धनश्री के निवासी अजीत के रूप में हुई है।

सोमवार सुबह गांव के पार्क में ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो सनसनी फैल गई। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। बादली थाना पुलिस को सूचना दी गई। तुरंत घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच आरंभ की। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक की गर्दन काफी हद तक कटी हुई थी। चेहरे पर भी गंभीर चोट के निशान थे और घटना स्थल पर काफी खून बह गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के परिजनों, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के कारणों और आरोपितों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और हालिया गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। लगभग 26 साल का अजीत सालभर से अपनी पत्नी के साथ फतेहपुर गांव में रहता था। उसके भाई अजय व उसकी पत्नी भी यहीं रहते थे। दोनों भाइयों के परिवार किराए के एक ही घर में रहते थे। अजीत याकूबपुर गांव स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस में नौकरी करता था।

Subscribe Now