राजगढ़ः पति ने पत्नी के मुंह पर कुल्हाड़ी से किया प्रहार, हालत गंभीर

राजगढ़ः पति ने पत्नी के मुंह पर कुल्हाड़ी से किया प्रहार, हालत गंभीर
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम दिलावरी में पति ने कमरे में बच्चों के साथ सो रही 40 वर्षीय महिला को गालियां देते हुए उसके मुँह के दोनों तरफ कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई।

बेसुध हालत में उसके बच्चे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया।

पुलिस ने शुक्रवार को मौके से फरार आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम दिलावरी निवासी 40 वर्षीय शैतानबाई तंवर बच्चों के साथ अपने कमरे में सो रही थी तभी दूसरे घर में रह रहा पति देवसिंह तंवर आया, जिसने गालियां देते हुए महिला के मुंह के दोनों तरफ कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया और मौके से भाग गया। बेसुध हालत में बच्चे उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया।

बताया गया है कि महिला अपने पति से अलग होकर बच्चों के साथ दूसरे मकान में रहती है, बीती रात पति देवसिंह तंवर ने उसे फोन कर दूसरे मकान पर बुलाया, वह नही गई तो उसने गुस्से में आकर महिला के मुंह पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। पुलिस ने घायल महिला के बेटे मुकेश तंवर की रिपोर्ट पर मौके से फरार आरोपित के खिलाफ धारा 296(ए), 109(1), 118(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा का कहना है कि आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है, जल्द ही वह हिरासत में होगा।

Subscribe Now