राजगढ़ः नाबालिग बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार

राजगढ़ः नाबालिग बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राधा स्वामी सत्संग से 16 वर्षीय बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपित को मंदसौर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पीड़ित के कथनों के आधार पर आरोपित के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में इजाफा किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया,जहां से जिला जेल राजगढ़ दाखिल किया।

थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि 22 जनवरी को फरियादी ने शिकायत की, उसकी 16 वर्षीय बालिका राधा स्वामी सत्संग से लापता हो गई है। पुलिस ने अपहरण की शंका पर अज्ञात के खिलाफ धारा 137 (2)बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषणों के आधार पर आरोपित दिलीप (26) पुत्र रमेश मेघवाल निवासी मंदसौर को हिरासत में लिया और उसके चंगुल से बालिका को मुक्त कर परिजनों के सुपुर्द किया।

पुलिस ने पीड़ित के कथनों के आधार पर आरोपित के खिलाफ अतिरिक्त धारा 87, 65(1)बीएनएस, पाॅक्सो एक्ट के तहत इजाफा कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। आरोपित के विरुद्ध पूर्व में अवैध हथियार एवं मारपीट से संबंधित प्रकरण दर्ज है। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी कर्मवीर सिंह, एएसआई राधेश्याम ठाकुर, प्रआर.माया निगम, आर.गौतम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Subscribe Now