BREAKING NEWS

पचरुखी में अपराधियों ने विदेश से लौटे युवक की गोली मारकर हत्या

पचरुखी में अपराधियों ने विदेश से लौटे युवक की गोली मारकर हत्या
सीवान। बिहार में सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली नया टोला गांव में मंगलवार की देर शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसर गया।

मृतक की पहचान जसौली पकौली नया टोला निवासी सुभाष सिंह के पुत्र गुड्डू कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे गुड्डू कुमार सिंह बाइक से बाजार घूमने निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि वह घर से महज 300 मीटर की दूरी पर गंभीर रूप से जख्मी हालत में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गुड्डू कुमार सिंह विदेश में काम करता था और करीब एक माह पहले ही घर लौटा था। ऐसे में अचानक हुई इस वारदात से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। हालांकि हत्या के पीछे की वजह क्या है, इस बारे में परिजन फिलहाल कुछ भी बताने से बच रहे हैं।

चर्चा है कि युवक की प्रेम प्रसंग में हत्या हुई है। इधर सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Subscribe Now