72 घंटे की रेड के बाद आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार पूर्व वार्ड पार्षद विजय झा
मुज़फ्फरपुर।अवैध संपत्ति के खिलाफ इनकम टैक्स की छापेमारी में मुजफ्फरपुर के कोठिया स्थिति निजी स्कूल से आर्म्स मिलने के मामले में नामजद आरोपित पूर्व वार्ड पार्षद विजय झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीन दिनों तक चली इनकम टैक्स की छापेमारी के समाप्त होते ही उसे पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं, पति के अरेस्ट होने की खबर सुन रामबाग स्थित घर में उसकी पत्नी वार्ड पार्षद सीमा झा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।वहीं, एसएसपी राकेश कुमार ने पूर्व वार्ड पार्षद की आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी पत्नी सीमा झा भी आरोपित हैं। लेकिन, उनकी गिरफ्तारी फिलहाल नहीं की गई है। जांच में साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। शाम में सीमा की गिरफ्तारी की आशंका के मद्देनजर बड़ी संख्या में समर्थक घर के सामने जुट गए। सीमा को निर्दोष बताते हुए उसे गिरफ्तारी के विरोध में समर्थक अड़ गए। भीड़ को देखते हुए विभिन्न थानों की पुलिस बुलाई गई। समझाने पर लोग शांत हुए।बताया जा रहा है कि, दिन में ही विजय झा को उसके आवास से निकालकर नई बाजार स्थित विवाह भवन पर ले जाया गया, जहां उससे घंटों पूछताछ की। उसके ठिकाने से मिले कैश, प्रॉपर्टी के कागजात और सोना के संबंध में जानकारी ली। आय के स्रोत के संबंध में जानकारी मांगी। विभागीय अधिकारियों ने बरामद शराब, सादे स्टांप पेपर व हथियारों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया और नकदी को बैंक में जमा करा दिया। वहीं घर से बरामद कागजातों को दो बैगों में भरकर टीम अपने साथ ले गई। सूत्रों ने बताया कि विजय झा के घर और अन्य परिसरों से अबतक एक करोड रुपये नकद के अलावा 485 ग्राम गोल्ड बुलियन (सोने की बिस्किट व ईट) व जमीन में निवेश के कागजात मिले हैं। तीसरे दिन सविता विवाह भवन से टीम को जमीन खरीद बिक्री के कई दस्तावेज हाथ लगे। जमीनों की प्राथमिक अनुमानित कीमत 16 करोड़ आंकी गई है। जबकि, पूर्व वार्ड पार्षद विजय झा के स्कूल से पांच हथियार मिलने के मामले में मुशहरी थाने की पुलिस के द्वारा जेल भेजे गए उप प्राचार्य आदर्श प्रियदर्शी ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है।











