नूंह: प्याज की आड़ में नशा तस्करी करते दाे काबू, 607 किलो चूरा पोस्त बरामद

नूंह: प्याज की आड़ में नशा तस्करी करते दाे काबू, 607 किलो चूरा पोस्त बरामद
नूंह। नूंह जिले में फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी से 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है । आरोपी प्याज के कट्टों के नीचे भारी मात्रा में चूरा पोस्त छिपाकर अलवर से दिल्ली की ओर सप्लाई करने ले जा रहे थे । पुलिस ने मौके से एक पिकअप गाड़ी को भी कब्जे में लिया है । बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस ने गुरुवार काे बताया कि फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी । इसी दौरान सूचना मिली कि पिकअप गाड़ी में प्याज के कट्टों के नीचे भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भरकर अलवर से दिल्ली ले जाया जा रहा है । सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव नसीरबास के पास दिल्ली-अलवर रोड पर नाकाबंदी शुरू कर दी ।

करीब 25 से 30 मिनट बाद संदिग्ध पिकअप गाड़ी मौके पर पहुंची । पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक और उसके साथ बैठा व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया । पूछताछ में आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह निवासी भालपुर जिला अलवर राजस्थान तथा सतपाल निवासी मंडापुर थाना नौगांव जिला अलवर राजस्थान के रूप में हुई 

गाड़ी की जाच की तो पता चला कि गाड़ी में ऊपर की तरफ प्याज से भरे 45 कट्टे मिले, जबकि नीचे 30 प्लास्टिक कट्टों में चूरा पोस्त भरा हुआ मिला । सभी कट्टों का वजन कराया तो प्रत्येक कट्टे का वजन लगभग 20 किलो 250 ग्राम पाया गया। कुल बरामद चूरा पोस्त का वजन 607 किलो 500 ग्राम निकला । पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ, पिकअप गाड़ी तथा प्याज के कट्टों को नियमानुसार कब्जे में लिया । इस मामलें में फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Subscribe Now