BREAKING NEWS

पानीपत: सेवानिवृत्त एसआई काे हनीट्रैप में फंसाया, महिला गिरफ्तार

पानीपत: सेवानिवृत्त एसआई काे हनीट्रैप में फंसाया, महिला गिरफ्तार
पानीपत। पानीपत की तहसील समालखा में एक रिटायर्ड पुलिस सब इंस्पेक्टर को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोपियों ने एसआई की अश्लील वीडियो बनाकर 15 लाख रुपये की मांग की। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये बरामद किए हैं।

सोनीपत निवासी रिटायर्ड एसआई सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पुराने मित्र रणबीर ने उन्हें इस जाल में फंसाया। रणबीर ने फरवरी 2026 में उनकी मुलाकात मनीषा नामक महिला से कराई थी, जिसे उसने घरेलू हिंसा की शिकार बताया था। सोची समझी साजिश के तहत 10 मार्च को मनीषा ने सुखबीर सिंह को मदद के बहाने समालखा स्थित अपने घर बुलाया। वहां मनीषा ने उन्हें पीने के लिए पानी दिया। इसको पीते ही सुखबीर का सिर भारी होने लगा। आरोप है कि इसी बेहोशी की हालत में महिला ने उनके साथ संबंध बना लिए और चोरी-छिपे इसका वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो उसने अपने साथियों रणबीर और सतबीर को भेज दिया। अगले ही दिन से उसके साथ ब्लैकमेलिंग के तहत रुपयों की डिमांड शुरू हो गई।

आरोपी सतबीर ने सुखबीर की पत्नी को फोन कर वीडियो की जानकारी दी और मामले को दबाने के लिए 8-10 लाख रुपये मांगे। इसके बाद आरोपियों ने सुखबीर के बेटे आशीष को फोन कर रुपयों की मांग को बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वे सुखबीर के खिलाफ बलात्कार की झूठी एफआईआर दर्ज करवा देंगे। परेशान होकर पीड़ित सुखबीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक पानीपत को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शनिवार को समालखा थाने में संबंधी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार रविवार को समालखा न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है

Subscribe Now