पूर्णिया डीएम ने दी चेतावनी, निर्माण में घटिया कार्य पर होगी कड़ी कार्रवाई

पूर्णिया डीएम ने दी चेतावनी, निर्माण में घटिया कार्य पर होगी कड़ी कार्रवाई
पूर्णिया। पूर्णिया के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिले में चल रहे आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मानकों के अनुरूप कार्य करने का सख्त निर्देश दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटिया कार्य पाए जाने पर संबंधित अभियंता, संवेदक और पदाधिकारी पर कार्रवाई तय है। उन्होंने कार्यों के नियमित स्थलीय निरीक्षण, त्रुटियों के तत्काल निराकरण और निर्माण से पहले व बाद की निगरानी के निर्देश दिए।
श्रीनगर-जलालगढ़ सड़क निर्माण और नगर निगम क्षेत्र की एक सड़क में शिकायत मिलने पर कार्रवाई करते हुए जांच टीम गठित की गई है। साथ ही पंचायत सरकार भवनों की गुणवत्ता पर भी सख्ती बरती जा रही है, जिनमें बनमनखी प्रखंड की कुछ पंचायतों में मिली शिकायतों पर त्रिसदस्यीय जांच टीम बनाई गई है। जिलाधिकारी ने विजिलेंस टीम द्वारा छापेमारी की चेतावनी देते हुए सभी अधिकारियों से कहा कि हर निर्माण कार्य वित्तीय नियमावली के अनुरूप और जनहित को ध्यान में रखकर हो, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी तरह जनता तक पहुंच सके।

Subscribe Now