BREAKING NEWS

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में स्कूली वैन पलटी, 10 बच्चे घायल

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में स्कूली वैन पलटी, 10 बच्चे घायल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के नवागढ़ ब्लॉक से एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। जहां स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 10 बच्चे और एक शिक्षिका घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पामगढ़ थाना से मिली जानकारी के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर की वैन (क्रमांक सीजी 11 बीएम 9940) आज बुधवार सुबह मुड़पार से बच्चों को लेकर ग्राम कुथुर आ रही थी। इसी दौरान रामनगर-कुथुर मार्ग पर वैन अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर तीन बार पलटते हुए जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन को पीछे से एक ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और यह हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बाहर निकालकर जांजगीर जिला अस्पताल भिजवाया।

हादसे में शिक्षिका का कंधा टूट गया है, जबकि अन्य बच्चों को हल्की से गंभीर चोटें आई हैं। पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Subscribe Now