BREAKING NEWS

राजस्थान में दिन के साथ रातें भी गर्म, कई शहरों में पारा 40 डिग्री पार

राजस्थान में दिन के साथ रातें भी गर्म, कई शहरों में पारा 40 डिग्री पार
जयपुर। राजस्थान में गर्मी के तेवर अब और तीखे होते जा रहे हैं। दिन के साथ-साथ रात में भी तापमान बढ़ने से आमजन को राहत नहीं मिल रही है। बुधवार को श्रीगंगानगर, चूरू समेत करीब 10 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया, वहीं कई इलाकों में हल्की हीटवेव का असर भी देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप ने लोगों को झुलसा दिया। बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर, जैसलमेर और फलोदी सहित कई शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 42.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जहां दिन में लू जैसे हालात बने रहे।

रेगिस्तानी इलाकों में गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राजधानी जयपुर में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है और दिन में हल्की गर्म हवाएं चलने लगी हैं।

दिन के साथ रात का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। फलोदी में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। इसके अलावा जयपुर सहित अन्य शहरों में भी रातें सामान्य से अधिक गर्म रहीं।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Subscribe Now