BREAKING NEWS

राजस्थान की नीट-यूजी काउंसलिंग के लिये रजिस्ट्रेशन 1 अगस्त को

राजस्थान की नीट-यूजी काउंसलिंग के लिये रजिस्ट्रेशन 1 अगस्त को
कोटा। राजस्थान के सरकारी व प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिये राजस्थान नीट-यूजी, 2025 की स्टेट काउंसलिंग के पहले राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। काउंसलिंग की सम्पूर्ण प्रक्रिया राजस्थान काउंसलिंग बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट www.rajugneet2025.com पर सम्पन्न की जायेगी।

मेडिकल काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थियो को सबसे पहले रजिस्ट्रेशन पार्ट-1 में बेसिक पंजीयन करना है। उसके बाद ही रजिस्ट्रेशन पार्ट-2 पूरा करेंगें। काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन फीस सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी के लिये 2500 रूपये, एससी, एसटी व ट्राइबल के लिये 1500 रूपये है। अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन के पार्ट-1 एवं पार्ट-2 को 1 अगस्त शाम 4 बजे तक फीस सहित पूरा कर सकते हैं।

मिश्रा ने बताया कि 28 जुलाई को काउंसलिंग बोर्ड स्टेट कोटे की एमबीबीएस, व बीडीएस के लिये श्रेणी अनुसार सीट मेट्रिक्स जारी करेगा। 2 अगस्त को स्टेट मेरिट सूची के साथ दिव्यांग श्रेणी, सेना, प्री मिलिट्री एवं एनआरआई अभ्यार्थियों की सूची जारी होगी। इस श्रेणी के विद्यार्थियों को 4 अगस्त प्रातः 9 बजे एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के काउंसलिंग बोर्ड अकादमिक ब्लॉक में उपस्थिति देनी होगी। उनके सत्यापन के बाद 5 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची जारी की जायेगी।

इसके पश्चात् 5 से 8 अगस्त तक अभ्यर्थी च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। उनको सिक्यूरिटी राशि भी जमा करानी होगी। काउसंलिंग बोर्ड 10 अगस्त को सीट आवंटन की सूची जारी कर देगा। अभ्यर्थी आवंटन पत्र को डाउनलोड कर 10 से 14 अगस्त,2025 तक एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर में अपने मूल दस्तावेज व जमा राशि की रसीद के साथ व्यक्तिगत रिपोर्टिंग करेंगे।

Subscribe Now