BREAKING NEWS

रेवाड़ी: चार दिन से लापता युवती का शव तालाब से बरामद

रेवाड़ी: चार दिन से लापता युवती का शव तालाब से बरामद
रेवाड़ी,। रेवाड़ी के गांव रूध में शनिवार को एक युवती का शव तालाब से बरामद हुआ है। जिसकी पहचान रेवाड़ी में चार दिनों से लापता 19 साल की युवती के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कोई प्रयास नहीं किया।

युवती के भाई ने बताया कि एक अक्टूबर की शाम को वह सब्जी लेने गया था। जब वह घर लौटा तो उसकी करीब 19 वर्षीय बहन घर पर नहीं थी। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसने थाने में बहन की गुमशुदगी दर्ज कराई। उसने बताया कि शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जोहड़ में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर परिजन पहुंचे तो पास में बहन की चप्पल पड़ी थी।

किनारे पर ही पानी में औंधे मुंह बहन का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। परिजनों का कहना है कि लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने कोई सक्रियता नहीं दिखाई। अगर पुलिस पहले सक्रिय होती तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था। पुलिस का कहना है शव पूरी तरह फूल चुका है। अभी कुछ कहना मुश्किल है। युवती की चप्पल जोहड़ के पास एक साथ मिली है। इससे सुसाइड की भी घटना होने की आशंका है।

Subscribe Now