BREAKING NEWS

पानीपत: सड़क हादसे में एक की माैत, दूसरा घायल

पानीपत: सड़क हादसे में एक की माैत, दूसरा घायल
पानीपत। पानीपत के गांव कुराड के पास एक तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 45 वर्षीय बिल्लू की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मौके से फरार हो गया।

मृतक के भाई शीशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बिल्लू अपनी मशीनरी मरम्मत की दुकान चलाता था। रविवार शाम वह अपना काम खत्म करने के बाद अपने दोस्त राजकुमार के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव कुराड लौट रहा था। जैसे ही वे गांव के नजदीक पहुंचे, गन्ने से लदी एक ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। गंभीर रूप से घायल बिल्लू व राजकुमार को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बिल्लू को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दोस्त का इलाज जारी है। शीशपाल ने बताया कि बिल्लू ही अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। उसकी मौत के बाद पूरे घर के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Subscribe Now