BREAKING NEWS

(अपडेट) सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-320डी किया जाम

(अपडेट) सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-320डी किया जाम


पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में घायल 23 वर्षीय शिक्षिका वंदना महतो की मौत हो गई। विद्यालय जाते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-320डी जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

यह हादसा गोइलकेरा-चक्रधरपुर मार्ग (एनएच-320डी) पर निश्चितपुर स्कूल के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर गांव निवासी वंदना महतो घंटी आधारित शिक्षिका के रूप में एसएस प्लस टू हाई स्कूल, सोनुवा में कार्यरत थीं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

शिक्षिका की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने घटनास्थल के निकट एनएच-320डी पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का संचालन लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार नाबालिग अथवा नशे की हालत में चालक वाहन चलाते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

ग्रामीणों ने मृतक शिक्षिका के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा, सरकारी सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को नियमानुसार रोजगार अथवा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जिला प्रशासन उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

घटना की सूचना मिलने पर सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस बीच झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा के नेता करण और अजय भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे आंदोलन के समर्थन में खड़े रहेंगे। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

Subscribe Now