अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे मुख्य अतिथि
ऋषिकेश, । योग नगरी ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारी जोर शोर से चल रही है। यह कार्यक्रम मायाकुंड ब्राह्मण महासभा द्वारा त्रिवेणी घाट पर 21 जून को मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को मायाकुंड स्थित दंडिबाडा आश्रम में एक बैठक हुई।
पूर्व नगर निगम महापौर अनिता ममगांईं की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य कार्यक्रम मां गंगा के तट त्रिवेणी घाट पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रहेंगे।
ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष भानु प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को यानी सुबह 06:30 बजे त्रिवेणी घाट पर योग का अभ्यास किया जाएगा। इस अवसर पर आप सब भी परिवार सहित योग करने पहुंचे।
अनिता ममगांईं ने इस अवसर पर कहा कि ऋषिकेश को अंतरराष्ट्रीय योग की राजधानी कहा जाता है। यह सौभाग्य की बात है कि हमारी प्राचीन पद्धति योग आज विश्व में हर देश तक पहुंच गयी है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। मेरा यह मानना है कि यह एक दिन साल में तो उत्सव के तौर पर मनाया ही जाता है, लेकिन योग को प्रतिदिन की दिनचर्या में हर व्यक्ति को शामिल करना चाहिए। कम से कम एक घंटा अपने लिए समय जरुर निकालना चाहिए ताकि आप स्वस्थ रहें।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वह परिवार सहित योग का अभ्यास करने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर त्रिवेणी घाट जरूर पहुंचे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्व हिन्दू परिषद की ऋषिकेश इकाई भी कार्यक्रम में प्रतिभा करेगी।











