फतेहाबाद। जिला पुलिस ने एक ऐसी साजिश का पर्दाफाश किया है जिसमें एक व्यक्ति ने पुलिस सिक्योरिटी प्राप्त करने के लालच में खुद पर ही जानलेवा हमले का नाटक रचा था। थाना भूना पुलिस ने गहन जांच के बाद मुख्य शिकायतकर्ता और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य साजिशकर्ता अजय उर्फ मंत्री पुत्र इंद्र सिंह, निवासी चोबारा के अलावा उसके गांव के ही अशोक कुमार उर्फ अखन पुत्र हरदत्त तथा उत्तम कुमार पुत्र हरत सिंह के रूप में हुई है।
शुक्रवार को इस बारे जानकारी देते हुए सीआईए रतिया प्रभारी उप-निरीक्षक प्रदीप ने बताया कि आरोपी अजय कुमार, जो कि शराब का ठेका चलाता है, ने 18 मार्च को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके ठेके पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने जान से मारने की नियत से उसके सेल्समैन के ऊपर फायर किए। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब सीन ऑफ क्राइम टीम और पुलिस के एक्सपट्र्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तो कहानी संदिग्ध लगने लगी।
इस मामले में जब पुलिस ने पूछताछ शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला तो खुलासा हुआ कि आरोपी अजय उर्फ मंत्री खुद को ‘हाई रिस्क’ पर दिखाकर पुलिस सिक्योरिटी प्राप्त करना चाहता था। इसके लिए उसने अपने साथियों अशोक और उत्तम के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई और फर्जी फायरिंग करवाई ताकि पुलिस प्रशासन को डराकर सुरक्षा गार्ड हासिल किया जा सके। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने, फर्जी साक्ष्य गढऩे और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के आरोप में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।











