फरीदाबाद : शार्ट सर्किट से अपार्टमेंट में लगी आग, लोगों को सुरक्षित निकाला

फरीदाबाद : शार्ट सर्किट से अपार्टमेंट में लगी आग, लोगों को सुरक्षित निकाला
फरीदाबाद। चार्मवुड विलेज स्थित क्लिफ्टन अपार्टमेंट इरोज गार्डन के अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि दर्जन भर से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। 

आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान छठी मंजिल पर लगे एक एसी में ब्लास्ट हो गया, जिससे आग और भी भडक़ उठी और स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंची। आग के तेजी से फैलने के कारण फायर कर्मियों को आग बुझाने में काफी समय लगा, लेकिन राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।

Subscribe Now