रायगढ़ में अंतरराज्यीय उठाईगिरी और लूट गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़ में अंतरराज्यीय उठाईगिरी और लूट गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय उठाईगिरी, चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड अरविंद प्रताप सिंह को आज मंगलवार काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आज खुलासा करते हुआ बताया कि आरोपित अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय था, तथा 15 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह विशेष रूप से बैंक एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को निशाना बनाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले बैंक और बाजार क्षेत्रों में रेकी करते थे, तत्पश्चात अवसर मिलते ही वाहनों की डिक्की खोलकर या शीशा तोड़कर नकदी चोरी कर लेते थे। सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित को उस समय गिरफ्तार किया जब वह पुनः वारदात की योजना बना रहा था। आरोपित के कब्जे से बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और डुप्लीकेट चाबी बरामद की गई है।

इस गिरफ्तारी से लैलूंगा थाना क्षेत्र के चार मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें क्रमशः 2,15,000, 40,000, 59,000 एवं 50,000 रुपये की चोरी शामिल है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Subscribe Now