BREAKING NEWS

भोजपुर एनकाउंटर मामले को बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया

भोजपुर एनकाउंटर मामले को बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया
बक्सर। बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में कथित रूप से पुलिस मुठभेड़ में एक युवक की मौत से लोग आक्रोशित हैं। इस बीच, बिहार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लोगों को भरोसा दिया कि पूरे मामले की जांच होगी और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में बिहार के शिक्षा मंत्री तिवारी ने भोजपुर में एनकाउंटर मामले को लेकर कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जिस युवक की एनकाउंटर में मौत हुई है, उसने भी जो व्यवहार सोशल मीडिया में दिखाया, वह अच्छा नहीं था, लेकिन पुलिस को उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाना चाहिए था और अगर एनकाउंटर जरूरी भी था, तो हाफ एनकाउंटर करना चाहिए था।

" उन्होंने आगे कहा कि इस घटना को बिहार सरकार ने गम्भीरता से लिया है। फिलहाल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आगे इसकी पूरी जांच कर जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को युवक का शव पहुंचते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और लोग सड़कों पर उतर आए।

 प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों का कहना है कि युवक पर किसी प्रकार का पूर्व में आपराधिक मामला दर्ज नहीं था और वह आत्मसमर्पण कर चुका था। इसके बाद पुलिस ने गोली मारी।

 बुधवार को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मानसिक रूप से परेशान युवक भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, युवक ने बुधवार को फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

 इस दौरान युवक को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Subscribe Now