BREAKING NEWS

बलरामपुर : भाजपा नेता के बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत, पसरा मातम

बलरामपुर : भाजपा नेता के बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत, पसरा मातम
बलरामपुर। जिले में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप सोनी के 16 वर्षीय पुत्र धर्मवीर सोनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने आज साेमवार काे पाेस्टमार्टम उपरांत शव परिजनाें काे साैप दिया है।

जानकारी अनुसार, घटना देर रात करीब 11 बजे उस समय हुई जब धर्मवीर सोनी अपने मित्र सुबाहू के साथ पिकअप वाहन से बलरामपुर की ओर लौट रहे थे। जामवंतपुर के पास स्थित साहू होटल के निकट सामने से तेज रफ्तार में आती एक टमाटर लदे पिकअप वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने धर्मवीर की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली। दूसरी ओर सुबाहू को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

इस दुर्घटना की खबर जैसे ही फैली, पूरे बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र में मातम फैल गया। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने आज सोमवार को दिलीप सोनी के आवास पहुंचकर दिवंगत बालक को श्रद्धांजलि दी तथा परिवार को सांत्वना दी। धर्मवीर सोनी स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र थे। कम उम्र में हुई असामयिक मौत ने क्षेत्र को गहरे दुख में डाल दिया है।

Subscribe Now