रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के पालन को कराने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस पिछले दाे दिनों से विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 12 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर रायगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिलेभर में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ थाना प्रभारियों एवं उनके स्टाफ द्वारा ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत विगत दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 193 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई, जिसमें 12 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए। इन सभी पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस संबंध में बीती देर शाम काे समाचार विज्ञप्ति जारी कर जिलेवासियों से सख्त अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि स्वयं एवं दूसरों की जान जोखिम में डालने जैसा है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। रायगढ़ पुलिस सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।











