यमुनानगर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो ड्रग सप्लायर दबोचे
यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा ने नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को स्मैक तस्करी से जुड़े मामले में पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति के मामले में अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस दोनों मामलों की गहनता से जांच कर रही है। अपराध शाखा प्रभारी राजकुमार ने बताया कि 2 जुलाई को कांजनू क्षेत्र से 272 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी अक्षय से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरामद मादक पदार्थ उत्तर प्रदेश निवासी अफसर से लेकर आया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफसर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी से जुड़ा हुआ था और काफी समय बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा ने प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति करने के आरोप में शादीपुर निवासी शाहरुख को गिरफ्तार किया। प्रभारी राजकुमार ने बताया कि 2 जून को जठलाना निवासी अजमल खान को प्रतिबंधित दवाओं के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह दवाईयां शाहरुख से प्राप्त करता था। इसके आधार पर पुलिस ने शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शाहरुख के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधित दवाओं से संबंधित एक मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।





